‘लेडी सुपरस्टार’ नयनतारा की ज़िंदगी और करियर पर आधारित उनकी बहुप्रतीक्षित नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री जल्द रिलीज़ होने वाली है। लेकिन इसके पहले ही यह विवादों में घिर गई है। एक्ट्रेस ने एक्टर-निर्माता धनुष पर तीखा हमला करते हुए इंस्टाग्राम पर एक ओपन लेटर शेयर किया।
2015 की सुपरहिट फिल्म 'नानुम राउडी धान' के एक गाने के 3 सेकंड की क्लिप के इस्तेमाल के लिए एनओसी (No Objection Certificate) ना देने और 10 करोड़ रुपये का दावा ठोकने पर नयनतारा ने इसे 'नीच हरकत' करार दिया। साथ ही, उन्होंने धनुष पर उनके और उनके पति विग्नेश शिवन के खिलाफ़ व्यक्तिगत दुश्मनी रखने का आरोप लगाया।
क्या है विवाद?
नयनतारा की डॉक्यूमेंट्री में उनके और विग्नेश के प्रेम की शुरुआत को दिखाया गया है, जो फिल्म 'नानुम राउडी धान' के सेट पर शुरू हुआ था। इस फिल्म को धनुष ने अपने बैनर वंडरबार फिल्म्स के तहत प्रोड्यूस किया था। लेकिन धनुष ने डॉक्यूमेंट्री में फिल्म के एक छोटे से सीन या गाने का इस्तेमाल करने की अनुमति देने से साफ मना कर दिया।
नयनतारा का करारा जवाब:
गुस्साई नयनतारा ने लिखा, "सिर्फ 3 सेकंड की क्लिप के लिए 10 करोड़ का नोटिस भेजना आपकी नीचता को दिखाता है। एक सेल्फमेड वुमन के तौर पर मैंने इंडस्ट्री में बहुत संघर्ष किया है। लेकिन आपके इस बर्ताव से यह साफ है कि आप दूसरों की सफलता को सहन नहीं कर सकते।"
उन्होंने आगे लिखा, "आपकी फिल्म की सफलता से आपका अहंकार आहत हुआ था। ब्लॉकबस्टर फिल्म का प्रोड्यूसर होने के बावजूद आपने हमें हर कदम पर नीचा दिखाने की कोशिश की।"
धनुष पर आरोप:
नयनतारा ने कहा कि यह कानूनी कार्रवाई सिर्फ उनके खिलाफ़ निजी दुश्मनी निकालने का तरीका है। "जो 3 सेकंड की क्लिप हमारी डॉक्यूमेंट्री में है, वह पहले से ही सार्वजनिक डोमेन में है। लेकिन आपने इसे मुद्दा बनाकर अपनी घृणा का प्रदर्शन किया है।"
यह डॉक्यूमेंट्री नयनतारा और विग्नेश के रोमांस और शादी की कहानी को पर्दे पर लाएगी। दिलचस्प बात यह है कि खुद धनुष ने कभी इस जोड़ी को साथ लाने में क्यूपिड की भूमिका निभाई थी।
नयनतारा की अपील:
खुले खत के अंत में उन्होंने धनुष को नसीहत देते हुए लिखा, "दुनिया बहुत बड़ी है और हर किसी के लिए जगह है। दूसरों की खुशी में खुश रहना सीखें। आप जैसे बड़े कलाकार से ऐसी उम्मीद नहीं थी।"
डॉक्यूमेंट्री रिलीज़:
फैंस इस विवाद के बीच अब और भी उत्साहित हैं, क्योंकि डॉक्यूमेंट्री 18 नवंबर को नयनतारा के जन्मदिन के मौके पर रिलीज़ हो रही है।
क्या यह विवाद डॉक्यूमेंट्री के हिट होने में मदद करेगा, या दोनों स्टार्स के बीच की दरार और गहरी होगी? यह देखना दिलचस्प होगा!
0 Comments